दिल्ली में 25 रुपये किलो होगा प्याज का भाव, सरकारी 'बफर स्टॉक' से प्याज की बिक्री शुरू | Rs 25 per kg in Delhi Onion price, sale of onions started from government 'buffer stock'
देश में टमाटर की कीमतों में थोड़ी नरमी आई तो प्याज ने रुलाना शुरू कर दिया है। सोमवार को प्याज मंडी नासिक में ट्रेडर्स ने कारोबार ही बंद कर दिया है। देश की सबसे बड़ी नासिक की लासलगांव मंडी में व्यापारियों और कमीशन एजेंटों ने प्याज का व्यापार करने से इनकार कर दिया है। देश में प्याज की कीमतें बढ़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने पहले ही इसके निर्यात पर 40 फीसदी शुल्क लगा दिया है। वित्तवर्ष 2023-24 के लिए सरकार ने 3 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक बनाया है। साथ ही 2 लाख टन प्याज का अतिरिक्त भंडार भी तैयार किया है।
एनसीसीएफ की प्रबंध निदेशक अनीस जोसफ ने कहा, 'शुरुआत में हम दिल्ली में प्याज की खुदरा बिक्री (बफर स्टॉक से) शुरू करेंगे। हम मोबाइल वैन और दो खुदरा दुकानों के माध्यम से 25 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर उसे बेचेंगे।' उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को लगभग 10 मोबाइल वैन भेजी जाएंगी और धीरे-धीरे और क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। एनसीसीएफ राष्ट्रीय राजधानी में नेहरू प्लेस और ओखला में स्थित अपनी दो खुदरा दुकानों के माध्यम से भी प्याज बेचेगा। सरकार ने बाजार में दखल के लिए दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और असम को चिह्नित किया है। इन पांच राज्यों में थोक और खुदरा दोनों बाजारों में 'बफर स्टॉक' के प्याज का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले NCCF ने टमाटर की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए यही काम किया था।
सरकार ने शुरुआती स्तर पर बाजार में 1,400 मीट्रिक टन प्याज उतारा है। इसे 21 अगस्त यानी सोमवार से दिल्ली की विभिन्न जगहों पर 25 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बेचा जा रहा है। इस प्याज को आज से दिल्ली के सभी बड़े बाजारों में खरीदा जा सकता है।

0 टिप्पणियाँ