National Cinema Day : पिछले साल सिनेमाघर पहुंचे थे 65 लाख दर्शक, इस बार टूटेगा रेकॉर्ड?
पिछले कुछ अरसे से सिनेमाघरों में गदर 2 व जवान जैसी फिल्मों को देखने भारी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। दर्शकों के सिनेमा को लेकर इस प्यार का जश्न मनाने के लिए मल्टीप्लैक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने आने वाले 13 अक्टूबर को नैशनल सिनेमा डे पर महज 99 रुपए में फिल्में दिखाने की घोषणा की है। इस ऑफर के तहत दर्शक देशभर के मल्टीप्लैक्सों की 4000 से ज्यादा स्क्रीन में किसी भी शो में कोई भी फिल्म 99 रुपए में देख सकेंगे। नैशनल सिनेमा डे के जश्न में देश की तमाम मल्टीप्लैक्स चेन पीवीआर, आईनॉक्स, सिनेपोलिस, मिराज, सिटीप्राइड, एशियन, मुक्ता ए2, मूवीटाइम, वेव, एम2के से लेकर डिलाइट तक हिस्सा ले रही हैं।
मल्टीप्लैक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने अपने एक बयान में कहा कि इस साल बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों की जबरदस्त सफलता का जश्न मनाने और दर्शकों का शुक्रिया अदा करने के लिए हमने यह फैसला किया है। नैशनल सिनेमा डे खास तौर पर उन दर्शकों को सिनेमाघर लाने के लिए मनाया जा रहा है, जो अभी तक सिनेमाघरों में नहीं लौटे हैं। इस मौके न सिर्फ सिनेमा टिकट सस्ते किए गए हैं, बल्कि खाने-पीने के सामानों पर भी मल्टीप्लैक्सों की ओर से ऑफर दिए जाएंगे।
इन फिल्मों को मिलेगा फायदा
सस्ते टिकट के चलते दर्शक नैशनल सिनेमा डे पर शाहरुख खान की हालिया रिलीज जवान, सनी देओल की सुपरहिट फिल्म गदर 2, अगले हफ्ते रिलीज होने वाली फिल्में फुकरे 3 व द वैक्सीन वॉर और 6 अक्टूबर को रिलीज होने वाली अक्षय कुमार की फिल्म मिशन रानीगंज देख सकेंगे। वहीं कुछ दूसरे निर्माता भी इस मौके का फायदा उठाने के लिए अपनी फिल्मों की रिलीज घोषित कर सकते हैं।
फिल्मी दुनिया के जानकारों का मानना है कि पिछले साल नैशनल सिनेमा डे पर सस्ते टिकटों के चलते फिल्म ब्रह्मास्त्र को करीब 15 लाख दर्शकों ने देखा। फिल्म ने इस दिन 10.5 करोड़ की कमाई करके नया रेकॉर्ड बनाया था। इस बार किंग खान की फिल्म जवान उस रेकॉर्ड को तोड़ सकती है। बता दें कि पिछले साल मल्टीप्लैक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने पहली बार नैशनल सिनेमा डे का जश्न मनाने की शुरुआत की थी। साल 2022 में 23 सितंबर को पहली बार नैशनल सिनेमा डे मनाया गया था, जिस दौरान महज 75 रूपये में दर्शकों को देशभर के सिनेमाघरों में अपनी पसंदीदा फिल्में देखने का मौका मिला था।
सस्ते टिकट के चलते इस दिन देशभर में 65 लाख से ज्यादा लोगों ने सिनेमाघरों में अपनी आमद दर्ज कराई थी, जो कि अपने आप में एक नया रेकॉर्ड है। उस दिन कोई छुट्टी नहीं होने के बावजूद सस्ते टिकट के चलते भारी संख्या में दर्शकों ने ब्रह्मास्त्र समेत इस दिन रिलीज हुई दूसरी फिल्मों चुप, धोखा और अंग्रेजी फिल्म अवतार के नए वर्जन को देखा था।
नैशनल सिनेमा डे अक्टूबर में ही क्यों?
बीते साल नैशनल सिनेमा डे 23 सितंबर को मनाया गया था। ऐसे में तमाम लोग सवाल उठा रहे हैं कि इस बार नैशनल सिनेमा डे अक्टूबर में क्यों मनाया जा रहा है? इसके जवाब में फिल्मी दुनिया के जानकार कहते हैं कि नैशनल सिनेमा डे के लिए कोई तारीख तय नहीं है। हर साल मल्टीप्लैक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया इसके लिए कोई तारीख तय कर देती है।
इस साल सितंबर के महीने में नैशनल सिनेमा डे नहीं मनाए जाने की वजह शाहरुख खान की फिल्म जवान को मिला बंपर रिस्पॉन्स माना जा रहा है। अभी यह फिल्म सिनेमाघरों में रेकॉर्ड कमाई कर रही है। इसके बाद 28 सितंबर को फुकरे 3 व द वैक्सीन वॉर रिलीज होंगी, जबकि 6 अक्टूबर को मिशन रानीगंज रिलीज होगी। वहीं 20 अक्टूबर को दशहरा वीकेंड पर टाइगर श्रॉफ की गणपत की रिलीज घोषित है। इसलिए मल्टीप्लैक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने इस साल 13 अक्टूबर को नवरात्रि शुरू होने से पहले नैशनल सिनेमा डे मनाने का फैसला किया है।
आपको याद दिला दें कि पिछले साल भी पहले 16 सितंबर को नैशनल सिनेमा डे मनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके एक हफ्ते पहले ही रिलीज हुई फिल्म ब्रह्मास्त्र के सिनेमाघरों में अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए इसे एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया था। यही नहीं, बीते साल 23 सितंबर को नैशनल सिनेमा डे को मिले बंपर रिस्पॉन्स के बाद भी कई दिनों तक सस्ते टिकटों का सिलसिला जारी रहा था। ऐसे में माना जा रहा है कि इस साल 13 अक्टूबर के बाद भी नवरात्रि में पूरे हफ्ते दर्शकों को सस्ते टिकटों का फायदा मिल सकता है।

0 टिप्पणियाँ