'Fukrey 3' movie review: 'फुकरे 3' रिव्यू
'फुकरे 3' की कहानी
कहानी का आरंभ एक गाने से होता है, जहां पार्ट वन और टू को समेटते हुए कहानी तीसरे भाग तक पहुंचती है। पिछली कड़ी में सीएम ने हनी (पुलकित सम्राट), चूचा (वरुण शर्मा), लाली (मनजोत सिंह) और पंडितजी (पंकज त्रिपाठी) के लिए डिपार्टमेंटल स्टोर खोला था, मगर थर्ड पार्ट तक आते-आते ये फुकरे दोबारा फुकरेगिरी पर उतर आए हैं। भोली पंजाबन (रिचा चड्ढा) जल संशाधन मंत्री के पद के लिए चुनाव लड़ रही है, जबकि चूचा के भोलेपन और मासूमियत के कारण जनता उसे अपना नेता बनाना चाहती है। चूचा का देजावू अभी भी काम कर रहा है। भोली पंजाबन चूचा को इलेक्शन की रेस से बाहर करने के लिए ऐसा जाल बुनती है कि हनी, चूचा, पंडित जी और लाली को साउथ अफ्रीका जाना पड़ता है। चूचा की देजावू की क्षमता के तहत ये चौकड़ी साउथ अफ्रीका में हीरा ढूंढने के काम में लग जाती है, मगर तभी इन्हें हनी के पसीने और चूचा की यूरिन से पेट्रोल बनाने की क्षमता का पता लगता है। अब यह चौकड़ी हनी और चूचा की पेट्रोल बनाने की क्षमता को भुनाना चाहती है, मगर इसी के साथ शुरू होती है, भोली पंजाबन के चूचा को इलेक्शन से आउट करने के लिए तरह -तरह के षड्यंत्र। वहीं टैंकर माफिया शहर आम जनता को पानी की बूंद के लिए मोहताज कर देती है। अपने फायदे और फुकरेगिरी में उलझे रहे वाले फुकरों की टीम किस तरह से जनता के हित में कदम उठाती है, यही फिल्म की मंजिल है।
यहां देखें 'फुकरे 3' का ट्रेलर
https://www.youtube.com/watch?v=HeDdkMIyhoQ&t=9s
डायरेक्शन
फिल्म की लंबाई भी एक समस्या है, जो कई जगहों पर ऊब पैदा करती है। फिल्म का पहला भाग स्थिर है, जबकि दूसरे भाग में कई कॉमिक सीक्वेंस हैं, मगर कहानी काफी उलझी हुई है। कहानी में टॉयलेट ह्यूमर पर काफी जोर दिया गया है, जो कहीं कहीं ज्यादा लगता है। हालांकि किरदारों का संयोजन मजेदार है। अश्विन मेहता का संकलन कमजोर है। अभिषेक नैलवाल का बैकग्राउंड म्यूजिक अच्छा है, मगर संगीत पक्ष को और ज्यादा मजबूत किया जा सकता था।
स्टार की परफॉरमेंस
अभिनय के मामले में फिल्म बेदाग साबित होती है। अभिनय की बात करें, तो किरदार जमे-जमाए और जाने-पहचाने हैं और उनमें कलाकारों ने खूब रंग भरा है।चूचा के रोल में वरुण शर्मा हमेशा की तरह दिल जीता है। उनकी मासूमियत खूब हंसाती है। पंडित जी के रूप में पंकज त्रिपाठी मजेदार अभिनय करते हैं।अभिनेता के रूप पुलकित सम्राट ने एक बार फिर खुद को साबित किया है। वे मनजोत के साथ मिलकर अच्छा-खासा मनोरंजन देते हैं। एक्सरसाइज वाले दृश्यों में फिटनेस के लिए की गई मेहनत साफ नजर आती है। भोली पंजाबन के रूप में रिचा का स्वैग और बिंदासपन कमाल का है। शादी वाले एक दृश्य में उनका अलग अंदाज का डांस दिलचस्प है। मनजोत बीते सालों में और ज्यादा सहज हुए हैं। उनकी और पुलकित की जुगलबंदी खूब जंची है।
देखे या नहीं
फुकरे सीरीज के फैन और कॉमिक फिल्मों के शौकीन यह फिल्म देख सकते हैं।
और अंत में रेटिंग
फिल्म को 3 स्टार मिले हैं
ऐक्टर: पुलकित सम्राट,रिचा चड्ढा,वरुण शर्मा,मनजोत सिंह,पंकज त्रिपाठी,मनु ऋषि
डायरेक्टर : मृगदीप सिंह लांबा
श्रेणी: Hindi, कॉमेडी, क्राइम, थ्रिलर
अवधि: 2 Hrs 30 Min

0 टिप्पणियाँ