Neeraj Chopra: सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आना अभी बाकी है..., नीरज चोपड़ा की नजर पेरिस ओलंपिक पर
भारतीय एथलेटिक्स के पोस्टर बॉय नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने भले ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीता हो, बावजूदउ इसके उनका कहना है कि अभी उनका बेस्ट प्रदर्शन आना बाकी है. नीरज ने मौजूदा सीजन का अंत एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर किया. उनकी नजरें अब अगले साल आयोजित होने वाले पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने पर टिक गई है. नीरज का मानना है कि अपनी तकनीक में सुधार करके वह अगले साल 90 मीटर की बाधा पार कर सकते हैं.
इस साल वर्ल्ड चैंपियन बने नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था. उन्होंने हाल ही में हांगझोउ एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. नीरज ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘ मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी बाकी है. मुझे लंबे समय तक किसी प्रतिस्पर्धा में यह महसूस नहीं हुआ कि यह मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है या उसके आसपास है.’
‘पैरों की भूमिका अहम है’
उन्होंने कहा ,‘6 सेंटीमीटर हासिल किया जा सकता है. स्टॉकहोम डायमंड लीग (जून 2022) में 89 . 94 मीटर का थ्रो फेंका था. उस समय मैं एक लाइन पीछे था. अगर थोड़ा आगे बढकर थ्रो फेंकता तो 90 मीटर जाता. मेरे कोच का मानना है कि 60 प्रतिशत काम टांग का और बाकी ऊपरी शरीर का होता है. पैरों की भूमिका अहम है. मुझे इसमें सुधार करना होगा.’
‘अगले साल अपनी तकनीक पर काम करूंगा’
बकौल नीरज चोपड़ा,‘लचीलेपन की कोई दिक्कत नहीं है. हाथ की रफ्तार अच्छी है. अगले साल अपनी तकनीक पर काम करूंगा. सब कुछ ठीक रहा और 100 प्रतिशत फिट रहा तो पेरिस ओलंपिक में प्रदर्शन अच्छा रहेगा. हांगझोउ एशियाई खेलों में मेरी तकनीक ठीक नहीं थी. लेगवर्क अच्छा नहीं था लेकिन भुजाओं की रफ्तार अच्छी थी.’ उन्होंने स्वीकार किया कि हांगझोउ एशियाई खेलों में उनकी तकनीक अपेक्षा के अनुरूप नहीं थी.

0 टिप्पणियाँ