Header Ads Widget

S Jaishankar: कतर में मौत की सजा पाने वाले 8 भारतीयों के परिजनों को जगी आस! एस जयशंकर आए एक्शन में

S Jaishankar: कतर में मौत की सजा पाने वाले 8 भारतीयों के परिजनों को जगी आस! एस जयशंकर आए एक्शन में




विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को उन आठ भारतीय नागरिकों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, जिन्हें कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई है. जयशंकर ने इन लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को 'सर्वोच्च महत्व' देती है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार कतर में मौत की सजा पाने वाले भारतीयों की रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास करेगी.


भारत ने फैसले को बताया था बेहद चौंकाने वाला

भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मचारियों को कतर के 'कोर्ट ऑफ फर्स्ट इन्स्टेन्स' ने 26 अक्टूबर यानी बृहस्पतिवार को मौत की सजा सुनाई थी. भारत ने फैसले को 'बेहद' चौंकाने वाला बताया था और मामले में सभी कानूनी विकल्प आजमाने का संकल्प लिया था.


सरकार इस मामले को देती है सर्वोच्च महत्वः जयशंकर

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, 'आज सुबह, कतर में हिरासत में लिए गए आठ भारतीयों के परिवार वालों से मुलाकात की. इस बात पर जोर दिया कि सरकार मामले को सर्वोच्च महत्व देती है. हम परिजनों की चिंताओं और दर्द को पूरी तरह से साझा करते हैं.' 


उन्होंने कहा, 'यह रेखांकित किया कि सरकार उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखेगी. इस संबंध में परिवार वालों के साथ निकटता से समन्वय किया जाएगा.'


भारतीय नागरिकों की पिछले साल हुई थी गिरफ्तारी

निजी कंपनी अल दहरा के साथ काम करने वाले इन भारतीय नागरिकों को कथित तौर पर जासूसी के एक मामले में पिछले साल अगस्त में गिरफ्तार किया गया था. न तो कतर के अधिकारियों ने और न ही नई दिल्ली ने भारतीय नागरिकों के खिलाफ आरोपों को सार्वजनिक किया है.


सभी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है भारत

कतर की अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि वह इस मामले को 'उच्च महत्व' दे रहा है और सभी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है. भारतीय नौसेना के आठों अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किए जाने के बाद उन पर कतर के कानून के तहत मुकदमा चलाया गया था.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ