Manipur: क्या इस्तीफा देंगे ? महिलाओं के यौन उत्पीड़न मामले में मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुकी जनजाति के संगठनों से बात की है और उन्हें मामले में तुरंत सुनवाई पूरी करने का भरोसा दिया है। केंद्र सरकार लगातार राज्य सरकार के भी संपर्क में है।
मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और कथित सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो सामने आने के बाद से पूरे देश में इसे लेकर गुस्सा और नाराजगी है। मणिपुर में भी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस सबके बीच मणिपुर सरकार विरोधियों के निशाने पर है। विपक्षी पार्टियां मणिपुर सीएम पर प्रशासनिक विफलता का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग कर रही हैं। हालांकि सीएम एन बीरेन सिंह फिलहाल इस्तीफा नहीं देने जा रहे हैं।
मणिपुर सीएम अभी नहीं देंगे इस्तीफा
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने की कोई चर्चा नहीं है और अभी उनकी प्राथमिकता राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखने की है। फिलहाल राज्य में हालात नियंत्रण में हैं। केंद्र सरकार भी मणिपुर के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुकी जनजाति के संगठनों से बात की है और उन्हें मामले में तुरंत सुनवाई पूरी करने का भरोसा दिया है। केंद्र सरकार लगातार राज्य सरकार के भी संपर्क में है।
क्या बोले सीएम बीरेन सिंह
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने विपक्ष द्वारा की जा रही उनके इस्तीफे की मांग पर कहा कि 'वह इसमें नहीं पड़ना चाहते। उनका काम राज्य में शांति बहाल की है। दोषी हर समाज में होते हैं लेकिन उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।' बीरेन सिंह ने कहा कि प्रदेशभर में लोग घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। जिस आरोपी को कल पकड़ा गया, उसके घर को महिलाओं ने फूंक दिया गया। मणिपुर का समाज महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध के खिलाफ है। हम महिलाओं को मां मानते हैं और धरने प्रदर्शन सरकार का समर्थन करने के लिए और दोषियों को कड़ी सजा देने के लिए हो रहे हैं।
वायरल वीडियो मामले में चार गिरफ्तार
बता दें कि बुधवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दिख रहा है कि लोगों की भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड करा रही है। आरोप है कि इसके बाद महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया। घटना बीती चार मई की है और अब उसका वीडियो सामने आने के बाद हंगामा हो गया है। सोशल मीडिया पर घटना को लेकर लोगों का गुस्सा दिख रहा है और लोग आरोपियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भी वीडियो सामने आने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
मणिपुर में जारी हिंसा और अब महिलाओं के यौन उत्पीड़न का वीभत्स वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेर लिया है। विपक्ष ने मणिपुर हिंसा पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए और संसद में पीएम से मणिपुर मुद्दे पर बयान देने की मांग की है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को संसद के मानसून सत्र के आगाज के अवसर पर मणिपुर की घटना पर दुख और गुस्सा जाहिर किया और कहा कि 'घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। मणिपुर की बेटियों के साथ जो हुआ, उसे माफ नहीं किया जा सकता और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई होगी।'
0 टिप्पणियाँ